पंजाब से आया था श्रद्धालुओं का बड़ा जत्था
मथुरा, संवाददाता : मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार को आस्था का माहौल अचानक मातम में बदल गया, जब यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी एक नाव हादसे का शिकार हो गई। हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल और कुछ लापता बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय नाव में सवार श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर ‘राधे-राधे’ का जाप कर रहे थे। इसी दौरान नाव निर्माणाधीन पैंटून पुल से टकरा गई, जिससे संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई। कुछ ही पलों में शांत यमुना चीख-पुकार से गूंज उठी। बताया जा रहा है कि नाव में सवार किसी भी श्रद्धालु ने लाइफ जैकेट नहीं पहन रखी थी, जिससे हादसे की गंभीरता और बढ़ गई। हादसे से ठीक पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें श्रद्धालु खुशी-खुशी भजन करते नजर आ रहे हैं।
यह हादसा उस समय हुआ जब पंजाब के लुधियाना और मुक्तेश्वर से आए करीब 150 श्रद्धालुओं का जत्था वृंदावन पहुंचा था। इनमें से 25 से 30 लोग श्रृंगार घाट से नाव पर सवार हुए थे। घटना के बाद स्थानीय लोग और मल्लाह तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। प्रशासन की टीमों के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी के गोताखोरों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। अब तक 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 12 घायलों का इलाज मांट सीएचसी में चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार, अभी भी कुछ श्रद्धालु लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। हादसे के बाद घाट पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। यमुना किनारे पसरा सन्नाटा और अपनों को खोने वालों की चीखें पूरे ब्रज क्षेत्र को गमगीन कर रही हैं।





















