पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
जौनपुर,संवाददाता : जौनपुर में रंगदारी न देने पर डिस्पेंसरी संचालक को गोली मारने का मामला सामने आया है। गोली लगने से संचालक घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना थाना बक्शा क्षेत्र के लखौवां बाजार की है। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से पश्चिम बंगाल निवासी डॉक्टर बी.के. बंगाली अपनी डिस्पेंसरी पर मरीज देख रहे थे, तभी बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली डॉक्टर के पैर में लगी, जबकि दो गोलियां क्लिनिक की दीवार में जा धंसीं। गोली लगते ही अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
50 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप
पीड़ित डॉक्टर का आरोप है कि हाल ही में वे पश्चिम बंगाल स्थित अपने पैतृक घर से लौटे थे। इसके बाद उन्हें व्हाट्सएप कॉल के जरिए ‘शोले सिंह’ नामक व्यक्ति ने 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। डॉक्टर के मुताबिक, रकम देने से इनकार करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। घटना के समय बाइक से उतरे एक बदमाश ने कथित रूप से कहा, “तुम्हें समझ में नहीं आ रहा है,” और इसके बाद फायरिंग कर दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।






















