प्रेम प्रसंग या रंजिश, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
चाईबासा, झारखंड : अंधेरी गली में एक युवती पर बेरहमी की सारी हदें पार कर दी गईं। आरोपी ने उस पर चाकू से लगातार 12 वार किए और उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गया। झारखंड के चाईबासा जिले में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक सुनसान इलाके में यह सनसनीखेज हमला हुआ। जानकारी के अनुसार, युवती ट्यूशन पढ़ाकर वापस लौट रही थी, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे युवक ने उस पर अचानक हमला कर दिया।
हमलावर ने युवती पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ी। आरोपी ने उसे मृत समझा और मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब स्थानीय लोगों की नजर खून से लथपथ युवती पर पड़ी, तो इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और युवती को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
प्राथमिक जांच में यह हमला व्यक्तिगत रंजिश या प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। चाईबासा और आसपास के इलाकों में हाल के महीनों में महिलाओं के खिलाफ हिंसा की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि सुनसान इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा कितनी बड़ी चुनौती बनी हुई है। फिलहाल पीड़िता जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है, जबकि पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही है।






















