पुलिस ने संज्ञान लिया और कानूनी कार्रवाई की तैयारी
झांसी, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में सकरार थाना क्षेत्र के लुहारी टोल प्लाजा पर नशे में धुत एक युवती का हंगामा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवती ने राहगीरों और टोल कर्मियों के साथ बदसलूकी की और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, युवती पेशे से डांसर है और अपनी महिला साथियों के साथ मध्य प्रदेश के नौगांव में आयोजित डांस प्रोग्राम से लौट रही थी। लुहारी टोल पर पहुंचते ही उसने शराब पीकर अपना संतुलन खो दिया और चिल्लाना शुरू कर दिया। हंगामे की शुरुआत तब हुई जब युवती ने आरोप लगाया कि उसका मोबाइल फोन गायब हो गया है और इसका जिम्मेदार टोल कर्मियों को ठहराया। युवती गाड़ी से उतरकर टोल कर्मियों को गालियां देने लगी और राहगीरों को भी नहीं बख्शा। नशे में वह इतनी उग्र हो गई कि टोल प्लाजा पर लगे भारी बैरिकेड को पकड़कर उसे तोड़ने की कोशिश करने लगी।
मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। लोग युवती के सार्वजनिक स्थान पर नशे में हंगामा करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के व्यवहार पर आपत्ति जता रहे हैं। सकरार थाना पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। वीडियो और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवती की पहचान की जा रही है। सरकारी संपत्ति को नुकसान और सार्वजनिक शांति भंग करने के मामलों में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।























