सड़क सुरक्षा, संगठन की मजबूती और पहचान पत्र अनिवार्यता पर दिया गया जोर
अमेठी, संवाददाता : औद्योगिक क्षेत्र त्रिसुंडी में ऑल उत्तर प्रदेश ड्राइवर वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में ड्राइवर जागरूकता अभियान के अंतर्गत विचार-विमर्श एवं सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने की।


सम्मेलन में ड्राइवरों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित वर्दी पहनने तथा पहचान के लिए आई-कार्ड और बिल्ला बनवाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठित होकर कार्य करने से ड्राइवरों की सुरक्षा और सम्मान दोनों सुनिश्चित होंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी ड्राइवर को कार्यस्थल या सड़क पर समस्या आने की स्थिति में संगठन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के अनुपालन और शालीन व्यवहार पर विशेष जोर दिया गया। सम्मेलन में दो दर्जन से अधिक ड्राइवर उपस्थित रहे। उपस्थित ड्राइवरों ने संगठन से जुड़कर जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।






















