दोनों ने केरल के तिरुवंतपुरम पुलिस स्टेशन में सुरक्षा की गुहार लगाई
लखनऊ, संवाददाता : प्रयागराज महाकुंभ के दौरान सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आईं ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा भोंसले इन दिनों अपनी शादी को लेकर चर्चा में हैं। बागपत के पलड़ा गांव के फरमान और मध्य प्रदेश की मोनालिसा की शादी अब सामाजिक और राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गई है। इस बीच हिंदूवादी नेत्री साध्वी प्राची आर्या के विवादित बयान के बाद मामला और गर्मा गया है।
रिश्ते को बताया ‘लव जिहाद’
साध्वी प्राची ने इस रिश्ते को ‘लव जिहाद’ बताते हुए कहा कि मोनालिसा के साथ धोखा हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि जैसे पहले कुछ मामलों में युवतियों के साथ घटनाएं हुईं, वैसे ही इस रिश्ते में भी षड्यंत्र की आशंका हो सकती है। उन्होंने कहा कि अगर फरमान हिंदू बनकर शादी करता तो उनका स्वागत किया जाता, लेकिन मुस्लिम होकर शादी करना समाज के लिए खतरा हो सकता है। साध्वी प्राची ने कहा कि मोनालिसा ‘मीडिया की बेटी’ बन चुकी हैं और उन्हें लव जिहाद जैसे मामलों की पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने हिंदू परिवारों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान के प्रति जागरूक करें।
फेसबुक से शुरू हुई थी दोनों की दोस्ती
बताया जा रहा है कि मोनालिसा अपनी नीली-भूरी आंखों की वजह से सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। मोनालिसा और फरमान की मुलाकात करीब डेढ़ साल पहले फेसबुक के जरिए हुई थी और दोनों तब से संपर्क में हैं। हाल ही में दोनों केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित तम्पानूर पुलिस स्टेशन पहुंचकर सुरक्षा की मांग भी कर चुके हैं।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
फिलहाल इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। कुछ लोग साध्वी प्राची के बयान की आलोचना कर रहे हैं, जबकि कुछ इसे ‘लव जिहाद’ के नजरिए से देख रहे हैं। इस पूरे मामले ने अंतरधार्मिक विवाह को लेकर एक नई बहस को जन्म दे दिया है।






















