समाजसेवी अनिल मिश्र ने जनसुनवाई में उठाया मामला
सीतापुर, संवाददाता : सिधौली नगर पंचायत क्षेत्र में ई-रिक्शा चालकों से कथित अवैध वसूली का मामला सामने आया है। इस संबंध में मोहल्ला नरोत्तम नगर निवासी समाजसेवी अनिल मिश्रा ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को जनसुनवाई के माध्यम से प्रार्थना पत्र भेजकर शिकायत दर्ज कराई है।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि कस्बे में टैक्सी स्टैंड और पार्किंग के नाम पर ई-रिक्शा चालकों से जबरन शुल्क वसूला जा रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर चालकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ता ने यह भी उल्लेख किया है कि सरकार द्वारा ई-रिक्शा को रोड टैक्स से मुक्त रखा गया है, इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर यह अवैध वसूली जारी है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को पहले भी नगर पंचायत सिधौली के संज्ञान में लाया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। समाजसेवी अनिल मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है, ताकि ई-रिक्शा चालकों को राहत मिल सके।























