किदवईनगर में कैटरिंग संचालक पर हत्या का आरोप, पत्नी व चालक समेत फरार
कानपुर,संवाददाता : किदवईनगर क्षेत्र में कैटरिंग संचालक द्वारा मौसेरे साले को घर में बंद कर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती युवक की तीन दिन बाद मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
नजीराबाद के रामकृष्ण नगर निवासी 43 वर्षीय आलोक मिश्रा उर्फ पुत्तलू किदवईनगर निवासी कैटरिंग संचालक अमित उर्फ पंकज मिश्रा के साथ काम करते थे। दोनों के बीच साले-बहनोई का रिश्ता था। आलोक के भाई के अनुसार सात फरवरी को शुक्लागंज में कैटरिंग का काम करने के बाद आलोक ने पंकज से हिसाब मांगा था।
आठ फरवरी की सुबह करीब आठ बजे आलोक हिसाब के लिए पंकज के डी-ब्लॉक स्थित घर पहुंचे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा कई बार फोन करने पर भी बात नहीं कराई गई। एक बार आलोक ने फोन उठाया, लेकिन तुरंत किसी ने फोन छीनकर बंद कर दिया। अगले दिन सुबह करीब 10 बार कॉल करने के बाद भी संपर्क नहीं हो सका।
कुछ देर बाद पंकज की पत्नी पूनम ने फोन कर बताया कि आलोक गिर गए हैं और हालत गंभीर है। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। रास्ते में होश में आने पर आलोक ने कथित रूप से बताया कि उन्हें रातभर पीटा गया है। इसके बाद वह बेहोश हो गए।nतीन दिन तक आईसीयू में इलाज के बाद गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों ने मारपीट और हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
किदवईनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर अमित उर्फ पंकज मिश्रा, उसकी पत्नी पूनम और चालक राजकुमार के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पंचनामा में चोटों का उल्लेख
पुलिस पंचनामा के अनुसार मृतक के शरीर पर कमर, सीने, पीठ और कोहनी पर चोटों के निशान मिले हैं। ठोड़ी में फ्रैक्चर और सिर के पीछे टांके का भी जिक्र है। परिजनों का आरोप है कि सिर पर भारी वस्तु से वार किया गया था।
अस्पताल से फरार हुए आरोपी
मृतक के पिता के अनुसार आरोपी अस्पताल तक साथ गए थे, लेकिन जांच की बात सुनते ही घबरा गए और रिपोर्ट आने से पहले ही फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





















