राहत और बचाव कार्य तेज, गोताखोर लगातार कर रहे तलाश
लखनऊ/मथुरा, संवाददाता : मथुरा जिले में आज श्रद्धालुओं से भरी नाव पलट गई है, यह हादसा पांटून ब्रिज से नाव के टकराने के बाद हुआ है। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि रेस्क्यू कर 15 से अधिक लोगों को बचा लिया गया है।
दरअसल, पंजाब के मुक्तसर से आया श्रद्धालुओं का एक जत्था यमुना को देखने के लिए पहुंचा था, इस दौरान श्रद्धालुओं ने नाव की सवारी की। बताया जा रहा है कि सवारी के दौरान नाव पांटून ब्रिज से टकरा गई और संतुलन बिगड़ गया। जिसके बाद नाव असंतुलित होकर पलट गई। सभी श्रद्धालु नदी में डूब गए हैं। मथुरा के एसपी ग्रामीण सुरेश चंद रावत ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य जारी है। मथुरा के जिलाधिकारी (डीएम) चंद्र प्रकाश सिंह ने इस हादसे में 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें लगभग 50 स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर बचाव अभियान चला रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक गुलाब नामक एक स्थानीय गोताखोर ने बताया कि अब तक लगभग 15 लोगों को नदी से बाहर निकाला जा चुका है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने मीडिया को बताया कि तेज हवाओं के कारण स्टीमर (नौका) बीच नदी में तेजी से डगमगाने लगी, फिर उसकी गति बढ़ गई और वह एक पुल से टकरा गई, इसके बाद नौका पलट गई। डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा, “10 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। अब तक 16 से 17 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। लापता लोगों की तलाश जारी है।” इस घटना के समय उक्त नौका में दो दर्जन से अधिक पर्यटक सवार थे। पुलिस और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रहे हैं, गोताखोर लापता लोगों की तलाश में नदी के गहरे हिस्सों में खोजबीन कर रहे हैं। डीएम और पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।nइस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए संवेदना प्रकट की। आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाई जाए और घायलों को तुरंत बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए।
























