मतदाता सूची पुनरीक्षण को बताया संविधान विरोधी साजिश, लोकतंत्र बचाने की अपील
सुल्तानपुर,संवाददाता : समाजवादी अधिवक्ता सभा के प्रदेश सचिव एवं बार एसोसिएशन के वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य अशोक सिंह बिसेन एडवोकेट ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के माध्यम से केंद्र सरकार चोरी-छिपे राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) लागू करने की साजिश रच रही है। उन्होंने इसे संविधान एवं लोकतंत्र विरोधी कदम बताते हुए सत्ता के दुरुपयोग को तत्काल बंद करने की मांग की।
बिसेन ने कहा कि सत्ता पक्ष केंद्र सरकार के इशारों पर लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था का खुला उल्लंघन कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एनआरसी को चुपके से लागू कर बीजेपी सत्ता का दुरुपयोग कर रही है, जो किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एसआईआर के तहत लगभग 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने की खबरों ने गंभीर राजनीतिक चिंता पैदा कर दी है। विपक्ष इसे एनआरसी का छिपा हुआ स्वरूप मान रहा है, जिससे आम नागरिकों के अधिकारों पर खतरा मंडरा रहा है।
एसआईआर की अंतिम प्रकाशन सूची के अवसर पर अशोक सिंह बिसेन ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, पयागीपुर पहुंचकर एसआईआर पर्यवेक्षक सुपरवाइजर आलोक श्रीवास्तव, बीएलओ श्रीमती अंजनी पांडेय, सुधा सिंह, विनीता भारती यादव, श्रुति श्रीवास्तव एवं सुमन तिवारी से मुलाकात की। उन्होंने बूथ संख्या 329 से 354, विशेषकर 330 से 333 (पयागीपुर, नारायणपुर, हथिया नाला एवं लोलेपुर) क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। बिसेन ने जाति, धर्म और पंथ से ऊपर उठकर एसआईआर को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता सूची के सुदृढ़ीकरण का माध्यम बताते हुए कहा कि यह प्रक्रिया संविधान की शक्ति से प्रत्येक नागरिक को उसके अधिकारों से जोड़कर जिम्मेदार प्रहरी बनाती है।
उन्होंने सुलतानपुर जिले के 188 क्षेत्रों सहित समस्त मतदाताओं से अपील की कि जो लोग किसी कारणवश फॉर्म भरने से वंचित रह गए हैं, वे 6 जनवरी से 6 फरवरी तक नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम कटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता अथवा अन्य त्रुटियों के संशोधन हेतु फॉर्म-8 अवश्य भरें। अशोक सिंह बिसेन ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि एसआईआर में सक्रिय सहभागिता कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाएं तथा 2027 में नेताजी मुलायम सिंह यादव के सपनों को साकार करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य को मतदाता सूची में नाम जुड़वाकर पूरा किया जा सकता है।
























