हाईवे क्रॉस करते समय हुआ हादसा
दूबेपुर (सुलतानपुर), संवाददाता : कोतवाली देहात क्षेत्र के प्रयागराज हाईवे स्थित अहिमाने बाजार में बाइक सवार दो लोग रोडवेज बस की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायल युवक और अधेड़ की पहचान
ग्राम पंचायत तिवारीपुर निवासी गौतम श्रीवास्तव (52) पुत्र राम किशोर श्रीवास्तव तथा श्रेयांश उर्फ चाहत (18) पुत्र कैलाश श्रीवास्तव बाइक से हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। श्रेयांश उर्फ चाहत का मूल निवास कोहरामहमदपुर (अमेठी) बताया गया है। वह तिवारीपुर स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
बस कब्जे में, कार्रवाई जारी
सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय भिजवाया। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल धर्मवीर सिंह ने बताया कि रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
























