सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा से गूंजा विद्यालय परिसर
सुलतानपुर, संवाददाता : कूरेभार क्षेत्र के फुलौना चौराहा स्थित आरजी पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव रंगारंग कार्यक्रमों के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भगवान श्रीराम पर आधारित छात्राओं की प्रस्तुति को विशेष सराहना मिली। इसके अलावा कोरोना वायरस पर आधारित नाट्य मंचन, आत्मरक्षा प्रशिक्षण तथा देश के वीर जवानों पर प्रस्तुत कार्यक्रमों को भी दर्शकों ने खूब पसंद किया।
कार्यक्रम में इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व महामंत्री संजय सिंह, अजय प्रताप सिंह, कूरेभार ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नवनीत सिंह सोनू, पत्रकार मनोरंजन सिंह, विक्रम वृजेन्द्र सिंह, डॉ. उत्तम सिंह, संजय सिंह मोनू, डायट प्रवक्ता शशांक शेखर सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय के प्रबंधक पंकज सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।























