सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई कार्रवाई
नई दिल्ली, संवाददाता : दिल्ली पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर एक यात्री के साथ कथित मारपीट के मामले में एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक ऑफ-ड्यूटी पायलट को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान सेजवाल को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मामला दर्ज होने के बाद जांच प्रक्रिया के तहत संबंधित सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए गए तथा गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पूछताछ के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी की गिरफ्तारी की गई। बताया गया कि यह घटना 19 दिसंबर को टर्मिनल-1 स्थित सुरक्षा चौकी के पास हुई थी। इस संबंध में कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), धारा 126 (गलत तरीके से रोकना) और धारा 351 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
























