तेज धूप में नारेबाजी करते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंचे कार्यकर्ता
शाहजहांपुर,संवाददाता : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जनहित से जुड़ी समस्याओं को लेकर नगर निगम कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए नगर में व्याप्त समस्याओं के समाधान की मांग की।
प्रदर्शन से पूर्व कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए, जहां आयोजित सभा में अल्पसंख्यक कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशफाक उल्ला खां ने कहा कि नगर को निगम घोषित किए जाने के बाद से केवल दिखावा हो रहा है, ज़मीनी स्तर पर कोई ठोस कार्य नहीं हो रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के अधिकारी मनमानी पर उतारू हैं।जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने कहा कि निगम प्रशासन जनहित की समस्याओं पर आंखें मूंदे बैठा है और कांग्रेस पार्षदों की बातों को अनसुना किया जा रहा है। महानगर अध्यक्ष तकवीम हसन खान ने चेतावनी दी कि जब तक जनहित की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, कांग्रेस पार्टी शांत नहीं बैठेगी।
आंदोलन क्रमबद्ध तरीके से जारी रहेगा। इसके बाद कार्यकर्ता तेज धूप में नारेबाजी करते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने महानगर की सफाई व्यवस्था और अन्य समस्याओं को लेकर नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है। इसके बावजूद हाउस टैक्स और वाटर टैक्स वसूला जा रहा है, जिस पर तत्काल रोक लगाई जाए। शहर मच्छरों और बीमारियों से त्रस्त है, फॉगिंग केवल कागजों में हो रही है। खुले नालों के किनारे रेलिंग लगाई जाए, प्रमुख सड़कों पर चिन्हित कर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं।
गलियों और वार्डों में कूड़ा गाड़ी नजर नहीं आती, नालियाँ चोक पड़ी हैं, सीवर लाइन कार्यों से सड़कें क्षतिग्रस्त हैं और अधिकांश स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। लोधीपुर पुल पर नई स्ट्रीट लाइटें लगी हैं, लेकिन पुरानी लाइटों का कोई अता-पता नहीं है।