राज्य में रह रहे 1,500 से अधिक पाकिस्तानी नागरिकों की जानकारी जुटाई जा रही है
लखनऊ ,संवाददाता : पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान से आए नागरिकों पर सख्ती बढ़ा दी है। केंद्र सरकार के निर्देशों के तहत उत्तर प्रदेश सरकार भी कार्रवाई में जुट गई है। राज्य में रह रहे 1,500 से अधिक पाकिस्तानी नागरिकों की जानकारी जुटाई जा रही है। इन सभी को जल्द भारत से वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
उत्तर प्रदेश में इस समय 1,800 से अधिक पाकिस्तानी नागरिक विभिन्न प्रकार के वीजा पर रह रहे हैं। अब इनके वीजा रद्द किए जा रहे हैं और इन्हें भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है। कुछ नागरिक स्वेच्छा से पाकिस्तान लौट भी रहे हैं, जबकि जो निर्धारित समय सीमा के भीतर वापस नहीं जाएंगे, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश के विभिन्न जिलों से जो आंकड़े सामने आए हैं, उनके अनुसार बरेली में 35, रामपुर में 30, बुलंदशहर में 18 और वाराणसी में 10 पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान की गई है। यह सभी लोग विभिन्न श्रेणियों के वीजा पर उत्तर प्रदेश में रह रहे थे। राज्य के पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देशों के तहत सभी ज़िला पुलिस प्रमुखों को कार्रवाई के निर्देश दिए जा चुके हैं। जिलों में पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उनकी जानकारी संबंधित विभागों को भेजी जा रही है