जिलाधिकारियों को फील्ड में उतरने के निर्देश, त्वरित आकलन और पारदर्शी मुआवजा वितरण पर जोर
लखनऊ,संवाददाता : प्रदेश में बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और नुकसान का त्वरित आकलन कर राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर वास्तविक स्थिति का जायजा लें। उन्होंने कहा कि फसल नुकसान का आकलन केवल कागजी प्रक्रिया न होकर जमीनी हकीकत पर आधारित होना चाहिए, ताकि किसानों को सही और समय पर सहायता मिल सके।
मुख्यमंत्री ने राहत आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि वे फील्ड अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करें। सभी जिलों से समयबद्ध तरीके से रिपोर्ट एकत्र कर शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे राहत कार्यों में देरी न हो। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जैसे ही नुकसान का आकलन पूरा हो, मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए। उन्होंने इसे तेज और पारदर्शी बनाने पर विशेष बल दिया, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द राहत मिल सके। अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्य करते समय संवेदनशीलता बरती जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी किसान को अनावश्यक परेशानी न हो।
























