बीते आठ वर्षों में योगी सरकार ने करीब आठ लाख लोगों को दी है सरकारी नौकरी
लखनऊ,संवाददाता : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशानुसार यूपी पुलिस बल को मजबूत करने के लिए नए वित्तीय वर्ष में पुलिस भर्ती की प्रक्रिया जारी रहेगी। उप्र. पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा अप्रैल और मई माह में 28,138 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की गई है।
बोर्ड द्वारा मार्च माह में 60,000 से अधिक आरक्षियों एवं रेडियो संवर्ग के 1,400 से अधिक पदों पर भर्तियां पूरी की गई हैं, जो पुलिस भर्तियों को सुचारु और समयबद्ध करने के लिए यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड का एक सुनियोजित प्रयास है। बीते आठ वर्षों में योगी सरकार ने करीब आठ लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी है, जिनमें विभिन्न पदों पर लगभग 2,14,468 भर्तियां की गई हैं। इन भर्तियों में 34,832 महिलाएं और 1,79,636 पुरुष शामिल हैं।
इस भर्ती प्रक्रिया में उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) के 4,242 पद, प्लाटून कमांडर (पीएसी) के 135 पद, और महिला पीसी के 106 पद समेत कुल 4,543 पदों पर उपनिरीक्षक स्तर की भर्ती की जाएगी। इसके अतिरिक्त, आरक्षी स्तर पर 22,053 पदों पर भर्ती होगी, जिसमें आरक्षी पीएसी, आरक्षी विशिष्ट बल, महिला आरक्षी पीएसी, और जेल वार्डन के पद शामिल हैं। इसके अलावा, रेडियो सहायक परिचालक के 44 पद और कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के 1,153 पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया अप्रैल-मई 2025 में शुरू की जाएगी। इस प्रकार, कुल 28,000 से अधिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया इस साल शुरू की जाएगी।