पूर्व क्षेत्रों में कुछ स्थानों को छोड़कर बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है
लखनऊ,संवाददाता : अप्रैल की शुरुआत के साथ ही गर्मी का सीजन भी शुरू हो गया है। इस साल भारत में पहले के मुकाबले अधिक गर्मी पड़ने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि अप्रैल से लेकर जून तक गर्मी सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, और देश के मध्य-पूर्वी इलाकों और उत्तर पश्चिमी मैदानी इलाकों में सबसे अधिक गर्मी देखने को मिल सकती है।
आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी और पूर्वी भारत को छोड़कर, देश के अन्य हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। इन हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। हर साल अप्रैल से जून तक गर्मी की मार पड़ती है, लेकिन इस बार स्थिति और भी ज्यादा गंभीर हो सकती है। खासकर उत्तर पश्चिम भारत में गर्मी के दिन बढ़ सकते हैं, और यहां पांच से सात दिन तक गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
इस बार भीषण लू का प्रकोप कई राज्यों में देखा जा सकता है। राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, गुजरात, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटका, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में सामान्य से अधिक गर्मी का सामना करना पड़ेगा।आईएमडी का कहना है कि भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। वहीं अगर दक्षिण और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों की बात करें, तो कुछ इलाकों में मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि, उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व क्षेत्रों में कुछ स्थानों को छोड़कर बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। इस साल गर्मी अधिक तीव्र हो सकती है, और पहले के मुकाबले गर्मी अधिक सताएगी। लोगों को इस बार अधिक ध्यान रखना होगा, और गर्मी से बचने के उपायों को अपनाना होगा।