अब तक कई परिवार मना चुके हैं खास अंदाज में बर्थडे
लखनऊ,संवाददाता : राजधानी स्थित नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान में वर्ष 2023 में पुरानी बाल रेल का रिनोवेशन कर शुरू की गई पार्टी ऑन व्हील्स योजना बच्चों के जन्मदिन मनाने का एक सशक्त और आकर्षक माध्यम बनती जा रही है। इस अनोखी पहल के तहत अब तक कई लोग अपने बच्चों और परिजनों का जन्मदिन यादगार तरीके से मना चुके हैं।
रविवार को पार्टी ऑन व्हील्स के अंतर्गत गोखले मार्ग निवासी महेश कुमार ने अपनी पौत्री का जन्मदिन प्राणी उद्यान में मनाया। बच्चों के जन्मदिन आयोजन की सुविधा प्रदान करने वाला यह देश का पहला प्राणी उद्यान बताया जा रहा है। प्राणी उद्यान की निदेशक अदिति शर्मा ने बताया कि पार्टी ऑन व्हील्स के माध्यम से जन्मदिन मनाने से बच्चों को विशेष आनंद मिलता है। इसके साथ ही उन्हें वन्यजीवों को करीब से देखने, समझने और उनके बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर भी मिलता है।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि कोई भी इच्छुक व्यक्ति प्राणी उद्यान कार्यालय से फार्म लेकर पार्टी ऑन व्हील्स की बुकिंग करा सकता है। इस योजना के अंतर्गत बुकिंग शुल्क 5100 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, प्राणी उद्यान परिसर में स्थित कैंटीन और फूड कोर्ट से आवश्यकता अनुसार भोजन की व्यवस्था भी कराई जा सकती है।
























