भाजपा नेता कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर मनाया गया‘हिंदू गौरव दिवस’
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता स्व. कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर आज प्रदेशभर में ‘हिंदू गौरव दिवस’ के रूप में श्रद्धांजलि दी गई। राम मंदिर आंदोलन में उनके अमूल्य योगदान और हिंदुत्व के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद करते हुए अयोध्या में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। कल्याण सिंह, जिन्हें जनमानस में ‘बाबूजी’ और ‘हिंदू हृदय सम्राट’ के नाम से जाना जाता है, ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उत्तर प्रदेश की राजनीति की दिशा बदल दी। उन्होंने 1991 में मुख्यमंत्री रहते हुए राम मंदिर आंदोलन को सशक्त समर्थन दिया था।
6 दिसंबर 1992 को बाबरी विध्वंस के बाद उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया और कहा, वो ढांचा गया सरकार भी गई मुझे कोई अफसोस नहीं। उनके सम्मान में अयोध्या में राम मंदिर की ओर जाने वाली सड़क का नाम कल्याण सिंह मार्ग रखा गया है। वहीं, लखनऊ में उनके स्मृति स्थल पर हज़ारों कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की। भाजपा नेतृत्व और आरएसएस के पदाधिकारियों ने कहा कि कल्याण सिंह का बलिदान हिंदू अस्मिता की रक्षा के लिए मील का पत्थर था। उनके बेटे राजवीर सिंह और पोते संदीप सिंह वर्तमान में राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। 2022 में कल्याण सिंह को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।