राज्यपाल संतोष गंगवार ने की नियुक्ति, तीन वर्ष तक संभालेंगे पद
लखनऊ : लखनऊ विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के प्रोफेसर राजीव मनोहर को झारखंड के रांची स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। राज्यपाल संतोष गंगवार ने झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 2000 की धारा 10(2) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उनकी नियुक्ति की है।यह नियुक्ति उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और वे अधिकतम तीन वर्षों तक इस पद पर रहेंगे।
प्रो. राजीव मनोहर का शैक्षणिक करियर तीन दशकों से अधिक का रहा है। उन्होंने संघनित पदार्थ भौतिकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। विशेष रूप से लिक्विड क्रिस्टल और नैनोमैटेरियल कॉम्पोज़िट्स पर उनके शोध कार्य को वैश्विक स्तर पर सराहना मिली है। उनके नाम 400 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है कि प्रो. राजीव मनोहर के साथ-साथ दो अन्य वरिष्ठ प्रोफेसर भी देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में कुलपति के रूप में कार्य कर रहे हैं। इनमें प्रो. मनोज दीक्षित, जो महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलपति हैं, और प्रो. पूनम टंडन, जो दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर की कुलपति हैं।






















