कार्यक्रम स्थल की रेकी करने के बाद महंगे हाईफोन चुराकर भाग जाते थे
लखनऊ,संवाददाता : मुंबई से जुड़े चोरों का एक गिरोह नामी कलाकारों के लाइव कंसर्ट में आईफोन चुराने के लिए हवाई जहाज से यात्रा करता था। ये चोर कार्यक्रम स्थल की रेकी करने के बाद महंगे हाईफोन चुराकर भाग जाते थे। हाल ही में, लखनऊ में हनी सिंह के लाइव कंसर्ट के दौरान भी कई आईफोन चोरी किए गए थे। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्य खतीब शेख और आकाश तांबे को शनिवार को लूलू मॉल के पास से गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 27 फरवरी को मुंबई से फ्लाइट के जरिए लखनऊ पहुंचे थे और कृष्णानगर इलाके में तीन सितारा होटल में ठहरे थे। इसके बाद, उन्होंने कूल ब्रिज रिसॉर्ट में हनी सिंह के लाइव कंसर्ट की रेकी की और शो के दौरान लोगों के जेब से मोबाइल चुराए।
पुलिस ने सर्विलांस के जरिए आरोपियों की लोकेशन ट्रैक की और उन्हें लूलू मॉल के पास पकड़ा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से चोरी के मोबाइल बरामद कर लिए गए हैं, और अब पुलिस उनपर सख्त कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।