ग्रुप कैप्टन शुभांशु की उपलब्धि से देश गौरवान्वित
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने वाले ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के लखनऊ आगमन पर हार्दिक स्वागत करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की यह उपलब्धि न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे भारतवर्ष के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि शुभांशु शुक्ला ने देश की सीमाओं से परे अंतरिक्ष की ऊंचाइयों तक पहुंच कर ‘मां भारती’ का मान और देश का सम्मान बढ़ाया है।
देश के युवाओं को दिखाई नई दिशा
उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि शुभांशु शुक्ला की सफलता करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका यह सफर यह दिखाता है कि मेहनत, समर्पण और राष्ट्रप्रेम के बल पर कोई भी शिखर प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को अब यह विश्वास हो चला है कि वे भी बड़े सपने देख सकते हैं और उन्हें साकार कर सकते हैं।उपमुख्यमंत्री ने शुभांशु शुक्ला के परिवारजनों की सराहना करते हुए कहा कि यह गौरवशाली उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि परिवार और राष्ट्र दोनों की विजय है। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मवीर ही देश को आत्मनिर्भर, आत्मगौरव से भरपूर और विज्ञान के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में सशक्त कदम रखते हैं।
सफलता का यह पर्व पूरे देश के लिए एक उत्सव
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की इस उपलब्धि पर देशभर में हर्ष और गौरव का माहौल है। यह केवल एक वैज्ञानिक उपलब्धि नहीं, बल्कि हर उस युवा के लिए एक नया क्षितिज है जो अंतरिक्ष, रक्षा, और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में अपना भविष्य देख रहा है। श्री मौर्य ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ऐसे होनहार व्यक्तित्वों को हर संभव प्रोत्साहन और समर्थन देने के लिए संकल्पित है।
“शुभांशु शुक्ला जैसे प्रतिभाशाली युवा हमारे प्रेरणास्तंभ हैं जो राष्ट्र निर्माण की भावना को और भी मजबूत करते हैं।” – केशव प्रसाद मौर्य























