अधिकांश हिस्सों में 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि के बाद अब मौसम तेजी से बदलने लगा है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी बढ़ रही है और आगामी दिनों में तेज हवाओं के चलने की संभावना जताई गई है, जिससे लू का एहसास होने लगेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्म हवाओं का दौर शुरू हो जाएगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बुधवार को भी मौसम एकदम साफ और तेज धूप रहने का अनुमान है। अगले एक हफ्ते तक किसी भी प्रकार की बारिश या बूंदाबांदी का अलर्ट नहीं है। हालांकि, गुरुवार से मौसम में बदलाव होगा और प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज हवाएं चलने लगेंगी। मौसम विभाग ने 27 मार्च से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राजधानी लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, प्रयागराज, अयोध्या, झांसी, गोरखपुर, कानपुर, आगरा समेत अन्य जिलों में मौसम साफ रहेगा और सूरज की धूप से गर्मी का एहसास होगा।
मौसम विभाग के अनुसार, 30 मार्च तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। न्यूनतम तापमान में भी 3-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन तेज हवाओं के चलते लू का असर महसूस हो सकता है।