होली में व्यवधान डालने वालों को तीन जगहों में से चुननी होगी एक जगह
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रघुराज सिंह एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। मंत्री ने होली और रमजान के संदर्भ में एक विवादित टिप्पणी की है, जिसमें उन्होंने कहा कि होली के दिन सफेद टोपी वाले लोग रंग से बचने के लिए तिरपाल का हिजाब पहनें, जैसे मुस्लिम महिलाएं पहनती हैं। उनका कहना था कि इससे उनकी टोपी और शरीर दोनों सुरक्षित रहेंगे, अन्यथा उन्हें घर पर रहना चाहिए। रघुराज सिंह ने यह भी कहा कि होली में व्यवधान डालने वालों को तीन जगहों में से एक चुननी होगी – जेल, प्रदेश छोड़ना, या फिर यमराज के पास नाम लिखवाना।
इसके साथ ही, रघुराज सिंह ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में राम मंदिर बनाने की भी पुरजोर मांग की। उन्होंने कहा कि एएमयू में मंदिर बनने से पहले वह सबसे पहली ईंट रखेंगे और इसके लिए अपना सबकुछ न्योछावर करने के लिए तैयार हैं। मंत्री ने कहा कि एएमयू में राम मंदिर बनना चाहिए और वहां के लोग बहुसंख्यकों का सम्मान करें। मंत्री के इस बयान ने एक बार फिर धार्मिक और राजनीतिक हलकों में विवाद खड़ा कर दिया है।