21 मार्च 1916 को बिहार के डुमरांव में हुआ था उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का जन्म
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को ‘भारत रत्न’ और प्रसिद्ध शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की 109वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, “सुप्रसिद्ध शहनाई वादक, ‘भारत रत्न’ उस्ताद बिस्मिल्लाह खान ने अपने शहनाई वादन से भारत की सांस्कृतिक विरासत के विराट स्वरूप का विश्व से परिचय कराया। उनकी संगीत साधना वंदनीय है। आज उनकी जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!” उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का जन्म 21 मार्च 1916 को बिहार के डुमरांव में हुआ था। उन्हें 2001 में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से नवाजा गया था। बिस्मिल्लाह खान का निधन 21 अगस्त 2006 को हुआ था। उन्हें भारतीय संगीत की महान हस्तियों में शुमार किया जाता है।