ऐतिहासिक सत्याग्रह आज भी हमें अन्याय के विरुद्ध अहिंसक संघर्ष की प्रेरणा देता है
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को महात्मा गांधी के नेतृत्व में भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दांडी मार्च की 95वीं वर्षगांठ पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक आंदोलन आज भी लोगों को अन्याय के खिलाफ अहिंसक तरीके से लड़ने की प्रेरणा देता है।
योगी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज के दिन ही 1930 में स्वतंत्रता संग्राम को एक नई दिशा देने के लिए ‘राष्ट्रपिता’ महात्मा गांधी जी ने नमक सत्याग्रह साबरमती आश्रम से प्रारंभ किया था। यह ऐतिहासिक सत्याग्रह आज भी हमें अन्याय के विरुद्ध अहिंसक संघर्ष की प्रेरणा देता है।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘दांडी मार्च के समस्त सत्याग्रहियों को कोटि-कोटि नमन।’’
महात्मा गांधी ने औपनिवेशिक भारत में नमक पर कर लगाए जाने और ब्रिटिश नमक के एकाधिकार के विरोध में दांडी मार्च शुरू किया था। साबरमती आश्रम से शुरू होकर 24 दिन की पैदल यात्रा के बाद गांधीजी और उनके सहयोगी दांडी पहुंचे। इस मार्च के बाद पूरे भारत में ब्रिटिश नमक कानून के खिलाफ प्रदर्शन हुए, जिसमें लाखों भारतीयों ने भाग लिया।