टीआई मेडिकल्स प्राइवेट लिमिटेड को 14.77 करोड़ रुपये की भूमि सब्सिडी मिलेगी
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई प्रदेश मंत्रिपरिषद की बैठक में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के मेडिकल डिवाइस पार्क में निवेश से जुड़े एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। कैबिनेट ने टीआई मेडिकल्स प्राइवेट लिमिटेड को भूमि सब्सिडी प्रदान करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि इस निर्णय के तहत कंपनी गौतमबुद्ध नगर स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क में 4.48 हेक्टेयर भूमि पर करीब 215.20 करोड़ रुपये का निवेश कर चिकित्सा उपकरण निर्माण इकाई स्थापित करेगी।
उन्होंने बताया कि यह परियोजना उत्तर प्रदेश की एफडीआई, एफसीआई एवं फॉर्च्यून इंडिया-500 निवेश प्रोत्साहन नीति-2023 के अंतर्गत प्रस्तावित है। कैबिनेट के फैसले के अनुसार कंपनी को अनुमन्य प्रोत्साहन के तहत 14.77 करोड़ रुपये की भूमि सब्सिडी प्रतिपूर्ति के रूप में प्रदान की जाएगी। यह राशि केंद्र सरकार की मेडिकल डिवाइस पार्क योजना के अंतर्गत पहले से प्राप्त सब्सिडी को समायोजित करने के बाद दी जाएगी।
इस परियोजना को पहले विभिन्न स्तरों पर मंजूरी मिल चुकी है। 5 जुलाई 2024 को प्राधिकृत समिति की बैठक में इसे स्वीकृति दी गई थी, जिसके बाद कंपनी को 22 जुलाई 2024 को पात्रता प्रमाणपत्र जारी किया गया। इसके बाद 15 मई 2025 को इम्पावर्ड कमेटी ने सब्सिडी से जुड़े बिंदुओं पर विचार किया था। मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिलने के बाद अब परियोजना के क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त हो गया है। मेडिकल डिवाइस पार्क जैसी परियोजनाएं उत्तर प्रदेश को चिकित्सा उपकरण निर्माण का प्रमुख केंद्र बनाने में सहायक होंगी और राज्य की औद्योगिक अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेंगी।























