इन कर्मियों के लिए बनवाए जाएंगे मुख्यमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान कार्ड
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य बजट के महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के बारे में बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को हर महीने न्यूनतम 16,000 रुपये से लेकर 20,000 रुपये तक वेतन दिया जाएगा। इसके साथ ही, अब इन कर्मचारियों की भर्ती सीधे एजेंसियों के बजाय निगम के माध्यम से की जाएगी।
सीएम योगी ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा की, जिसमें उन्होंने बताया कि प्रदेश में संविदा पर कार्यरत होमगार्ड, पीआरडी जवान, ग्राम चौकीदार, शिक्षामित्र, अनुदेशक, आशा वर्कर्स, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, स्वच्छता कर्मी और अन्य संविदा कर्मियों को मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत 5 लाख रुपये तक का नि:शुल्क चिकित्सा लाभ मिलेगा। इसके अलावा, इन कर्मियों के लिए मुख्यमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान कार्ड भी बनवाए जाएंगे, जिससे उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आसानी से मिलेगा।
सीएम योगी ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की भर्ती के लिए एक सेवा निगम बनाएगी और उनका पारिश्रमिक सीधे उनके खाते में भेजा जाएगा। उन्होंने इस बजट को गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के उत्थान के लिए समर्पित बताया।