ऊंट पर सवार ब्रजेश पाठक तो खुली जिप्सी में बैठक कर दिनेश शर्मा ने खेली होली
चौक/लखनऊ : नवाबों के शहर लखनऊ में होली के रंग बुधवार को जमकर बिखरे। पुराने लखनऊ के चौक इलाके में आयोजित पारंपरिक होली उत्सव में उत्साह का माहौल रहा, जहां उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा और अन्य भाजपा नेता आम लोगों के साथ मिलकर होली खेलते नजर आए।इस ऐतिहासिक होली जुलूस में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ऊंट पर सवार होकर पहुंचे, जबकि डॉ. दिनेश शर्मा खुली जिप्सी में सवार होकर एक-दूसरे पर पिचकारी और गुलाल से रंग डालते दिखे। ब्रजेश पाठक ने प्रेशर सिलेंडर और बड़ी पिचकारियों से कार्यकर्ताओं और भीड़ पर रंग बरसाया। जब दिनेश शर्मा ने उन पर रंग डाला, तो ब्रजेश पाठक ने चुनरी से मुंह ढककर मजेदार अंदाज में बचाव किया।
डॉ. दिनेश शर्मा बोले- राहुल गांधी का विदेश प्रेम कम हो
डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा, “चौक की यह होली ऐतिहासिक और बेहद खास है। आज ईरान-अमेरिका के बीच प्रेम की पिचकारी चले, यूक्रेन-रूस का युद्ध समाप्त हो और विश्व में शांति कायम रहे। अखिलेश यादव हों या मायावती, सभी एक होकर देश के विकास में जुटें। मायावती को जातिवाद से दूर रहना चाहिए। राहुल गांधी का विदेश प्रेम कम हो, हम यही कहेंगे कि वह एक से दो और दो से तीन हो जाएं।”
पूर्व सांसद लालजी टंडन के बेटे अमित टंडन ने बताया कि यह परंपरा अमृतलाल नागर और लालजी टंडन (बाबूजी) ने शुरू की थी। इसका मकसद था कि समाज के सभी धर्मों और वर्गों के लोग मिल-जुलकर होली मनाएं। जुलूस में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सब शामिल होते हैं और लोग रंग-गुलाल के साथ-साथ पुष्पों की वर्षा से स्वागत करते हैंमौजूद अन्य प्रमुख लोग कार्यक्रम में गोविंद शर्मा, ओम दीक्षित, रिद्धि किशोर गौड़, आशीष अग्रवाल, लक्ष्मीकांत पांडे, राहुल रस्तोगी, शालू टंडन, रामदेव, सुरेश मिश्रा (लल्लू) सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।






















