मंदिरों, बाजारों, मॉल, पार्क और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता बढ़ाई गई सतकर्ता
लखनऊ, संवाददाता: उत्तर प्रदेश में बेटियों और महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने के साथ सुरक्षा का माहौल उपलब्ध कराने के लिये चलाये जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत ढाई हजार से ज्यादा मामले दर्ज करके करीब चार हजार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राज्य सरकार द्वारा रविवार को यहां जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवरात्र के पहले दिन ‘मिशन शक्ति’ अभियान के पांचवें चरण की शुरुआत की थी, जो अब भी पूरे प्रदेश में जारी है। इसके परिणामस्वरूप महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था और जनसहभागिता दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली।
बयान के मुताबिक, मिशन शक्ति अभियान की नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक पद्मजा चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पूरे प्रदेश में ‘एन्टी रोमियो स्क्वाड’ ने सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों, बाजारों, मॉल, पार्क और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता बढ़ाई। उन्होंने बताया कि इस दौरान एक लाख आठ हजार 292 मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों की गहन जांच की गई। चौहान ने बताया कि अभियान में नौ लाख 77 हजार से ज्यादा लोगों की जांच की गई। उन्होंने बताया कि इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी गई।
उन्होंने बताया कि कानून—व्यवस्था को सुदृढ़ करने और महिलाओं के प्रति अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए कुल दो हजार 542 मामले दर्ज किये गये। उन्होंने बताया कि असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करते हुए तीन हजार 972 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बयान के मुताबिक, चौहान ने बताया कि इसके अलावा तीन लाख 13 हजार 924 लोगों को चेतावनी दी गई और उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में 53 हजार 237 निरोधात्मक कार्रवाइयां की गयीं।