क्रिसमस की खुशियों और उत्सव के माहौल को और अधिक जीवंत बना रहा है इंस्टॉलेशन मॉल
लखनऊ,संवाददाता : गोमतीनगर स्थित फन रिपब्लिक मॉल में क्रिसमस के उत्सव को भव्य रूप देने के लिए 30 फीट ऊंचा विशालकाय सांता क्लॉज स्थापित किया गया है। 30 फीट ऊंचाई और 24 फीट चौड़ाई वाला यह आकर्षक सांता क्लॉज मॉल की क्रिसमस सजावट का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। लाल और सफेद रंगों के सिग्नेचर ड्यूल टोन में तैयार यह कलात्मक संरचना अपने शानदार फिनिश और आकर्षक रूप के कारण आगंतुकों को खासा आकर्षित कर रही है। यह इंस्टॉलेशन मॉल में क्रिसमस की खुशियों और उत्सव के माहौल को और अधिक जीवंत बना रहा है।
इस विशाल सांता क्लॉज का उद्घाटन जानी-मानी मॉडल सलोनी अग्रवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर फन रिपब्लिक मॉल के जनरल मैनेजर अश्विनी सिंह ने कहा कि क्रिसमस खुशियों, आपसी मेल-जोल और साझा आनंद का पर्व है। उन्होंने बताया कि फन रिपब्लिक मॉल निरंतर प्रयास करता है कि परिवारों और हर आयु वर्ग के आगंतुकों के लिए ऐसे अनुभव प्रस्तुत किए जाएं, जो मुस्कान और यादगार पलों का कारण बनें।
क्रिसमस के अवसर पर फन रिपब्लिक मॉल में कई विशेष आयोजन भी किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों की श्रृंखला में 21 दिसंबर को केक मेकिंग एवं सांता क्लॉज मीट एंड ग्रीट, 24 दिसंबर को क्रिसमस ट्री डेकोरेशन तथा 25 दिसंबर को ग्रैंड क्रिसमस परेड का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य परेड में रूसी कलाकारों की विशेष प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
























