गाटा संख्या-02, 21, 37, 38, 40, 79 और 94 की निहित भूमि पर था अवैध कब्जा
लखनऊ,संवाददाता : लखनऊ नगर निगम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम अमौसी, तहसील-सरोजनी नगर में ₹20.05 करोड़ मूल्य की सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। इस अभियान का नेतृत्व नगर निगम के नायब तहसीलदार रत्नेश कुमार श्रीवास्तव और तहसील-सरोजनी नगर के नायब तहसीलदार वीरेंद्र कुमार प्रजापति ने किया।
नगर निगम को शिकायतें मिल रही थीं कि गाटा संख्या-02, 21, 37, 38, 40, 79 और 94 पर नगर निगम की निहित भूमि पर अवैध कब्जा हो रहा है। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन भूखंडों को अतिक्रमण मुक्त किया। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जा कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया और उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह के अभियान चलाए जाएंगे। यह कदम सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और अतिक्रमण रोकने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। नगर निगम ने जनता से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।