भाजपा जिला कार्यसमिति में डॉ. रामकरण मौर्य को मिली अहम जिम्मेदारी

अमेठी/रामगंज, संवाददाता : भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यसमिति में डॉ. रामकरण मौर्य को जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने पर रामगंज क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके मनोनयन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। जानकारी के अनुसार, पंकज चौधरी की संस्तुति के बाद घोषित जिला कार्यसमिति में रायपुर रामगंज निवासी डॉ. रामकरण मौर्य को अमेठी जिले का जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
मनोनीत होने के बाद कार्यकर्ताओं एवं व्यापारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि डॉ. मौर्य एक कर्तव्यनिष्ठ और परिश्रमी व्यक्तित्व हैं, जिनके नेतृत्व में पार्टी को और मजबूती मिलेगी। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल रामगंज के तत्वावधान में सैकड़ों व्यापारियों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान सम्मान समारोह का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

व्यापार मंडल रामगंज के अध्यक्ष दीपक अग्रहरि ने कहा, “यह हमारे लिए गर्व और सम्मान की बात है कि हमारे बीच के साथी को जिले में इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। यह हमारे संगठन और व्यापारिक एकता की ताकत को दर्शाता है।” वहीं, जिला उपाध्यक्ष बनने पर डॉ. रामकरण मौर्य ने कहा, “पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाऊंगा। मेरा प्रयास रहेगा कि सभी कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों को साथ लेकर पार्टी को और मजबूत बनाया जाए।”
कार्यक्रम में ज्ञान प्रकाश मिश्रा, रविदास जायसवाल, मुन्ना बरनवाल, विश्वनाथ, सत्येंद्र कुमार, संतोष गुप्ता, किशोर कसौधन, कर्मपाल मिश्रा, त्रिलोकी नाथ मिश्रा, राजकुमार, अशोक कुमार, अनिल अग्रहरि, महेश शर्मा सहित सैकड़ों व्यापारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।























