दिल्ली, महाराष्ट्र, केरल सहित 20 से अधिक राज्यों में संक्रमण के नए मामले
दिल्ली,संवाददाता : कोरोना महामारी से मिली राहत के वर्षों बाद एक बार फिर भारत में कोविड-19 के मामलों में अचानक तेजी देखी जा रही है। कई राज्यों और शहरों से संक्रमण की नई लहर की आहट मिल रही है। दिल्ली, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में केसों की संख्या में इज़ाफा हो रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस वृद्धि के पीछे कोरोना के नए वेरिएंट्स – NB.1.8.1, LF.7 और JN.1 हो सकते हैं। वैज्ञानिकों ने चेताया है कि इन वेरिएंट्स की सतर्क निगरानी और सावधानी ज़रूरी है, हालांकि अधिकतर मामले हल्के लक्षणों वाले हैं।
वर्तमान स्थिति पर एक नज़र:
- दिल्ली: 3 साल बाद पहली बार एक दिन में 23 केस, ज़्यादातर में हल्के लक्षण
- महाराष्ट्र: मई में अब तक मुंबई (95), ठाणे और पुणे में सर्वाधिक मामले
- केरल: मई में 273 केस, देश में सबसे अधिक
- कर्नाटक: अब तक 35 नए मामले, एक 84 वर्षीय संक्रमित की मौत
- तमिलनाडु: मई में 66 नए केस, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर
- आंध्र प्रदेश: संक्रमण की गति धीमी लेकिन स्थिर वृद्धि दर्ज
ये वेरिएंट्स हैं चर्चा में:
- JN.1: भारत में इस समय सबसे प्रमुख वैरिएंट, सभी जांचे गए सैंपल्स का 53%
- BA.2: लगभग 26%, जबकि
- NB.1.8.1 और LF.7: हाल ही में पहचाने गए, अभी तक गंभीरता का कोई संकेत नहीं
इन वेरिएंट्स से संक्रमित अधिकतर मरीजों में हल्के फ्लू जैसे लक्षण—बुखार, सिरदर्द, गले में खराश, थकान और नाक बहना—देखे जा रहे हैं।
सरकारी तैयारियाँ तेज:
स्वास्थ्य मंत्रालय ने अस्पतालों को ICU बेड्स, ऑक्सीजन सप्लाई और दवा स्टॉक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सभी राज्यों में अलर्ट मोड पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह:
- भीड़भाड़ वाले स्थानों में मास्क पहनें
- हाथ धोते रहें, साफ-सफाई बनाए रखें
- हल्के लक्षण होने पर भी तुरंत टेस्ट कराएं
- बुजुर्ग और बीमार लोगों को विशेष सावधानी की जरूरत