दिल्ली के अधिकारियों ने उन्हें फोन पर दी इस भ्रष्टाचार की जानकारी
नई दिल्ली,संवाददाता : आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने एक बार फिर दिल्ली की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को उन्होंने दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री अधिकारियों से 10 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहे हैं। आतिशी ने दावा किया कि जब अधिकारी इस भ्रष्टाचार का विरोध करते हैं, तो उन्हें धमकाया जा रहा है और निलंबित किया जा रहा है।
आतिशी ने कहा, “दिल्ली में भाजपा सरकार के मंत्री अब गुंड़ागर्दी पर उतर आए हैं। पहले अधिकारियों को धमकाया जा रहा था, लेकिन आने वाले समय में उनका अत्याचार अब जनता पर भी बढ़ेगा।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के मंत्री भ्रष्टाचार के जरिए हर काम में कमीशन की मांग कर रहे हैं और यदि अधिकारी इसका विरोध करते हैं तो उन्हें ट्रांसफर कर दिया जाता है।
नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने आगे कहा कि दिल्ली के अधिकारियों ने उन्हें फोन कर इस भ्रष्टाचार की जानकारी दी और बताया कि भाजपा सरकार के मंत्री हर काम में 10 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के हालात में अधिकारी अपने ट्रांसफर से बचने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आतिशी ने भाजपा सरकार के एक महीने के कार्यकाल को लेकर कहा, “एक महीने में ही भाजपा नेताओं ने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को गालियां देने के अलावा कुछ नहीं किया। अब भाजपा सरकार आम आदमी पार्टी की जनहितकारी योजनाओं को रोकने की कोशिश कर रही है, और अधिकारी भी अब परेशान हो चुके हैं।” यह आरोप दिल्ली की राजनीति में एक नए विवाद को जन्म दे सकते हैं और आगामी दिनों में दोनों पार्टियों के बीच तनाव बढ़ सकता है।