स्वामी जी ने हमारे इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को लेकर गर्व एवं आत्मविश्वास की भावना जगाई
लखनऊ,संवाददाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महान विचारक और दार्शनिक स्वामी विवेकानंद की 123वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए लिखा: मैं स्वामी विवेकानंद जी को उनकी पुण्यतिथि पर नमन करता हूं। उनके विचार और उनका दृष्टिकोण हमारे समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने हमारे इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को लेकर गर्व एवं आत्मविश्वास की भावना जगाई। उन्होंने सेवा और करुणा के मार्ग पर चलने पर भी जोर दिया।
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद को ‘राष्ट्रऋषि’ की संज्ञा देते हुए कहा कि उन्होंने वेदांत और आत्मबल के प्रकाश से सनातन संस्कृति को वैश्विक पटल पर प्रतिष्ठा दिलाई। मुख्यमंत्री योगी ने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में लिखा: चुनौती जितनी बड़ी होगी, जीत उतनी ही शानदार होगी। सभ्यता, संस्कार और स्वाभिमान के उद्घोष— ‘गर्व से कहो हम हिन्दू हैं’ के द्वारा सोए हुए भारत को जागृत करने वाले युवा संन्यासी, राष्ट्रऋषि स्वामी विवेकानंद जी को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि! राष्ट्रनिर्माण की आपकी दृष्टि और ‘उठो, जागो’ का मंत्र, युगों तक युवा भारत का पथप्रदर्शक बना रहेगा।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी स्वामी विवेकानंद को स्मरण किया और श्रद्धांजलि दी।
स्वामी विवेकानंद: एक परिचय
रामकृष्ण मिशन के संस्थापक, आध्यात्मिक नेता, दार्शनिक और प्रेरणादायी विचारक स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था। उन्होंने महज 39 वर्ष की आयु में 4 जुलाई 1902 को महासमाधि ली। उन्हें विशेष रूप से वर्ष 1893 में अमेरिका के शिकागो में आयोजित विश्व धर्म महासभा में दिए गए ऐतिहासिक भाषण के लिए याद किया जाता है, जिसमें उन्होंने भारत की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर गर्वपूर्वक प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री मोदी स्वामी विवेकानंद को अकसर अपनी प्रेरणा का स्रोत बताते हैं। उनका जीवन, सेवा, त्याग और आत्मबोध का प्रतीक बनकर आज भी करोड़ों युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है।