राष्ट्रपति ने 44 वीर सैनिकों को सेना पदक से सम्मानित करने की घोषणा की है
नई दिल्ली : अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय नागरिक और वायु सेना के अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन सुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र से सम्मानित करने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही सेना के तीन रणबांकुरों को कीर्ति चक्र और 13 जांबाजों को शौर्य चक्र से नवाजे जाने का ऐलान किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सशस्त्र बलों के कुल 70 वीर जवानों को वीरता पुरस्कार प्रदान करने की मंजूरी दी है। इनमें से छह जवानों को यह सम्मान मरणोपरांत दिया जाएगा।
राष्ट्रपति ने 44 वीर सैनिकों को सेना पदक (वीरता) से सम्मानित करने की घोषणा की है, जिनमें पांच को यह पुरस्कार मरणोपरांत मिलेगा। इसके अलावा छह जवानों को नौसेना पदक (वीरता), दो को वायु सेना पदक (वीरता) और एक को बार टू सेना पदक (वीरता) प्रदान किया जाएगा। कीर्ति चक्र से सम्मानित किए जाने वालों में सेना के मेजर अरशदीप सिंह (1 असम राइफल्स), सेना के नायब सूबेदार डोलेश्वर सुब्बा (2 पैरा) और वायु सेना के पायलट ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर शामिल हैं। इन सम्मानित जांबाजों में समुद्री मार्ग से विश्व परिक्रमा अभियान पर निकली नौसेना की दो महिला अधिकारी भी शामिल हैं।
शौर्य चक्र से सम्मानित होने वालों में सेना की 21 पैरा के लेफ्टिनेंट कर्नल घाटगे आदित्य श्रीकुमार, 32 असम राइफल्स के मेजर अंशुल बलटू, 5 पैरा के मेजर शिवकांत यादव, 42 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर विवेक, 11 पैरा के मेजर लैशांगथेम दीपक सिंह, 6 पैरा के कैप्टन योगेंद्र सिंह ठाकुर, 1 असम राइफल्स के सूबेदार पी.एच. मोसेस, 4 आरआर के लांस दफादार बलदेव चंद (मरणोपरांत), 3 असम राइफल्स के राइफलमैन मैंगलम सांग वैफेई, 33 असम राइफल्स के राइफलमैन धुर्बा ज्योति दत्ता, नौसेना की लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के, लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए और गृह मंत्रालय के सहायक कमांडेंट विपिन विल्सन शामिल हैं।
























