मृगनयनी एंपोरियम में हथकरघा पर निर्मित साड़ियों को देखा और उनकी कलाकारी देखकर प्रसन्न हुई
इंदौरः मध्यप्रदेश का इंदौर उस समय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सादगी और सहजता का कायल हो गया, जब श्रीमती मुर्मू ने हस्तशिल्प एंपोरियम ‘मृगनयनी’ की महिला कर्मचारियों से सहज चर्चा के दौरान कहा कि वे कर्मचारी स्वयं ही उन्हें कोई हल्के रंग की महेश्वरी साड़ी चुन कर दे दें। अपने मध्यप्रदेश प्रवास के पहले दिन कल राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने मृगनयनी एंपोरियम में हथकरघा पर निर्मित साड़ियों को देखा और उनकी कलाकारी देखकर प्रसन्न हुई। वहां कार्यरत महिला कर्मचारियों से उन्होंने साड़ियों के नाम एवं पेटर्न की जानकारी ली। इस पर उन्हें चंदेरी, महेश्वरी, कॉटन एवं सिल्क की साड़ियां दिखायी गई और उनके बारे में विस्तार से बताया गया। इस दौरान बेहद सहज होकर संवाद कर रहीं राष्ट्रपति ने वहां की महिला कर्मचारियों से कहा कि वे अपनी पसंद की हल्के रंग की कोई एक साड़ी उनके लिये चुन दें। इस पर महिला कर्मचारी सरिता गव्हाड़े ने उन्हें हल्के गुलाबी रंग की महेश्वरी साड़ी पसंद कर दी। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने इस साड़ी का काउंटर पर जाकर यूपीआई के माध्यम से डिजिटल भुगतान भी किया।इस अवसर पर राष्ट्रपति को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी प्रदेश की ओर से चंदेरी साड़ी भेंट की।























