नेपाल से आए लगभग 50 बाराती इस खास अवसर के साक्षी बने
छतरपुर : छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में महाशिवरात्रि के अवसर पर भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन हुआ। रविवार को 307 जोड़ों ने सात फेरे लिए। वाराणसी से आए विद्वान पंडितों ने पूरे विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया। कई जोड़े अपने-अपने पंडित भी साथ लाए थे। तीन दिन चला यह भव्य आयोजन विदाई के साथ संपन्न हुआ। वरमाला के लिए दूल्हा-दुल्हन को 30-30 के समूह में मंच पर बुलाया गया। पं. धीरेंद्र शास्त्री ने हर जोड़े से मिलकर आशीर्वाद दिया। भावनाएं इतनी गहरी थीं कि एक दूल्हा उनके चरणों में गिर पड़ा। कई बेटियां और दूल्हे गले लगकर भावुक हो गए। इस समारोह में एक नेपाली जोड़े ने भी विवाह किया। उनकी शादी नेपाली और भारतीय दोनों रीति-रिवाजों से संपन्न हुई। नेपाल से आए लगभग 50 बाराती इस खास अवसर के साक्षी बने।
























