कई प्रमुख हस्तियों ने उन्हें बधाई दी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गुरुवार को अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, विपक्षी नेताओं समेत कई प्रमुख हस्तियों ने उन्हें बधाई दी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर लिखा:
“उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश को बदलने के लिए अथक प्रयास किए हैं, जिससे राज्य के लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करें।”
मुख्यमंत्री योगी ने पीएम मोदी के इस स्नेह के लिए आभार व्यक्त करते हुए लिखा:
“आपकी शुभेच्छाएं अक्षय ऊर्जा का स्रोत हैं और 25 करोड़ प्रदेश वासियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के हमारे संकल्प की पूर्ति हेतु अथाह शक्ति प्रदान करने वाली हैं।”
देशभर से आईं शुभकामनाएं
- गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा: “पीएम मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार जन-जन तक विकास और गरीब कल्याण के लाभ पहुंचा रही है। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।”
- बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी दी बधाई: “योगी आदित्यनाथ जी को आज उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं दीर्घायु जीवन होने की शुभकामनायें।”
- राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा: “ओजस्वी वक्ता, कर्मठ व्यक्तित्व के धनी, विकास पुरुष को जन्मदिवस की अनंत शुभकामनाएं।”
- डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रार्थना की: “प्रभु श्रीराम से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर यश की प्रार्थना करता हूँ।”
योगी आदित्यनाथ: एक दृष्टि में
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्म पांच जून 1972 को उत्तराखंड में हुआ था। 2017 में प्रदेश की सत्ता संभालने के बाद से वे लगातार सख्त प्रशासन, अपराध नियंत्रण, बुनियादी ढांचे के विकास और धार्मिक स्थलों के पुनरुत्थान के लिए सुर्खियों में रहे हैं।