दिल्ली हार के बाद बैठक में उठाए गए कई अहम मुद्दे
दिल्ली,संवाददाता : दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में आम आदमी पार्टी को मिली करारी हार के बाद, मंगलवार को अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के विधायकों और मंत्रियों के साथ दिल्ली में बैठक की। इस बैठक में पंजाब सरकार को सिर्फ विकास पर फोकस रहने का निर्देश दिया गया, और इसे एक राष्ट्रीय मॉडल बनाने की बात की गई।
अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के नेताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब पंजाब को विकास का मॉडल बनाकर देश को दिखाना है। साथ ही, दिल्ली चुनाव में पंजाब के नेताओं की मेहनत की सराहना की।
बैठक के बाद, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, “हमने पंजाब में स्कूल और अस्पतालों का कायाकल्प किया है। दिल्ली की टीम का अनुभव हम पंजाब में लागू करेंगे। हम पंजाब को पूरे देश के लिए एक मॉडल राज्य बनाएंगे।”
इस बैठक में पंजाब के सभी कैबिनेट मंत्री और विधायक शामिल हुए थे, और उन्होंने दो साल में पंजाब में काम तेज करने पर चर्चा की। पंजाब सरकार के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, “दिल्ली चुनाव के बाद पंजाब इकाई दिल्ली आई थी। हम और ज्यादा काम करेंगे और पूरे देश में आप का विस्तार होगा।
” वहीं, पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान ने कहा, “अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में विकास की रणनीति पर चर्चा की और सभी नेताओं का धन्यवाद किया।
अब पंजाब को नेशनल लेवल का मॉडल बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।” दिल्ली में आम आदमी पार्टी को इस बार 70 में से 22 सीटों पर ही सिमटना पड़ा, जबकि बीजेपी ने 48 सीटों पर जीत हासिल की। पार्टी की हार के बाद अरविंद केजरीवाल ने इसका विश्लेषण किया और आगामी रणनीतियों पर विचार किया।
हालांकि, पार्टी के भीतर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ कुछ विधायकों की नाराजगी भी सामने आ रही है। कई विधायक मान से असंतुष्ट हैं, और इस पर चर्चा के लिए कुछ विधायकों ने अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की योजना बनाई है। इस राजनीतिक गहमागहमी के बीच पंजाब की सियासत भी गरमा गई है।