इस वर्ष यात्रा पांच जत्थों और दस जत्थों में आयोजित की जाएगी
लखनऊ,संवाददाता : कैलाश मानसरोवर यात्रा 2025 इस वर्ष 30 जून से शुरू होकर 25 अगस्त तक चलेगी। तीर्थयात्रियों के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 13 मई 2025 निर्धारित की गई है। यह यात्रा दो मार्गों – उत्तराखंड के लिपुलेख दर्रे और सिक्किम के नाथू ला दर्रे – से सम्पन्न कराई जाएगी।
कैलाश मानसरोवर सेवा समिति के अध्यक्ष के.के. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष यात्रा पांच जत्थों (लिपुलेख मार्ग) और दस जत्थों (नाथू ला मार्ग) में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक जत्थे में 50 तीर्थयात्री शामिल होंगे।
तीर्थ का धार्मिक महत्व
यह यात्रा हिंदू, जैन और बौद्ध धर्म के श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखती है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील के दर्शन करेंगे।
यात्रा की विशेषताएं
समिति के महासचिव आर.एस. भदौरिया ने बताया कि इस बार यात्रा की अवधि दो सप्ताह से भी कम होगी, जिसका श्रेय पावागढ़ से लिपुलेख तक बने नए सड़क मार्ग को जाता है। पंजीकरण हेतु श्रद्धालु kmy.gov.in पर 13 मई 2025 तक आवेदन कर सकते हैं।
यात्रियों के लिए आवश्यक दस्तावेज
मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि यात्रियों को निम्नलिखित दस्तावेजों की समय से व्यवस्था करनी होगी:
- वैध पासपोर्ट
- वीजा
- विदेशी मुद्रा (डॉलर या युवान)
- चिकित्सा प्रमाण पत्र
- हाई एटीट्यूड पर जोखिम से संबंधित प्रशिक्षण या मार्गदर्शन