एयर इंडिया, इंडिगो और अकासा एयर ने परिचालन का किया ऐलान, सुरक्षा समीक्षा के बाद मिली अनुमति
नई दिल्ली : भारतीय विमान सेवा कंपनियां सऊदी अरब की राजधानी रियाद के लिए 12 मार्च से उड़ानें शुरू करेंगी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मंगलवार देर रात जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस 12 मार्च से रियाद के लिए उड़ानें शुरू करने वाली हैं। इसी दिन से इंडिगो भी मुंबई और रियाद के बीच उड़ानों का संचालन शुरू करेगी। वहीं अकासा एयर ने भी गुरुवार से दोनों शहरों के बीच उड़ानें शुरू करने का फैसला किया है।
मंत्रालय ने बताया कि सभी एयरलाइंस को क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति का पूरी तरह आकलन करने के बाद ही उड़ानों के परिचालन की अनुमति दी जा रही है। इंडिगो ने बुधवार को पश्चिम एशिया के आठ शहरों के लिए कुल 38 उड़ानों के संचालन की घोषणा की है। वहीं एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने संयुक्त अरब अमीरात के लिए 36 विशेष उड़ानों समेत कुल 58 उड़ानों के संचालन की जानकारी दी है। इनमें से 22 नियमित उड़ानें सऊदी अरब के जेद्दा और ओमान के मस्कट के लिए होंगी।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण 28 फरवरी को इस क्षेत्र के लिए सभी उड़ानें बंद कर दी गई थीं। अब स्थिति में सुधार के बाद धीरे-धीरे उड़ान संचालन फिर से शुरू किया जा रहा है। मंत्रालय के अनुसार नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने विभिन्न देशों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर भारतीय एयरलाइंस के लिए ओमान के मस्कट को पश्चिम एशियाई शहरों दुबई, अबु धाबी, शारजाह, रस-अल-खैमा, अल-अलाम, फुजैरा, जेद्दा और मदीना के लिए वैकल्पिक हवाई अड्डा घोषित किया है। मंत्रालय ने बताया कि 9 मार्च को पश्चिम एशिया के विभिन्न शहरों से कुल 45 उड़ानें भारत पहुंचीं, जिनमें 7,407 यात्री सवार थे।























