75 जिलों में पर्यावरण महाकुंभ, नदियों के किनारे लगाए जाएंगे 3.5 करोड़ पौधे
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश आज इतिहास रचने की ओर अग्रसर है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगी सरकार के महात्वाकांक्षी “पौधरोपण महाभियान-2025” की शुरुआत बुधवार को पूरे जोश के साथ होने जा रही है। एक ही दिन में 37 करोड़ पौधों के रोपण का लक्ष्य तय किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, सभी कैबिनेट और राज्यमंत्रियों को जिलों में उतरने की जिम्मेदारी दी गई है।
राज्यपाल-सीएम करेंगे आगाज
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बाराबंकी में और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या व आजमगढ़ में पौधरोपण करेंगे। उनके साथ राज्य सरकार के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मेरठ में और बृजेश पाठक लखनऊ में पौध लगाकर अभियान की कमान संभालेंगे।
कैबिनेट मंत्री संभालेंगे जिलों की कमान
सरकार की योजना के तहत प्रत्येक मंत्री को एक जिला आवंटित किया गया है, जहां वे खुद पौधरोपण करेंगे। मंत्री सुरेश खन्ना शाहजहांपुर, स्वतंत्र देव सिंह गोरखपुर, जयवीर सिंह मैनपुरी, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ प्रयागराज, ओम प्रकाश राजभर गाजीपुर समेत अन्य मंत्री अपने-अपने जिलों में उतरेंगे। वन विभाग ने प्रदेश की प्रमुख नदियों गंगा, यमुना, गोमती, सरयू, बेतवा, राप्ती आदि के किनारे 21,313.52 हेक्टेयर क्षेत्र में 3.56 करोड़ पौधे लगाने की योजना बनाई है।
- यमुना के किनारे: 96.78 लाख
- गंगा के किनारे: 54.80 लाख
- बेतवा के किनारे: 50.61 लाख पौधरोपण का लक्ष्य है।
आवास विकास लगाएगा 1.10 लाख पौधे
उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद भी अभियान में अपनी सहभागिता देगा। लखनऊ, वृंदावन, बागपत, मेरठ, अयोध्या सहित विभिन्न वृत्तों में 1.10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। अकेले बागपत वृत्त को 40,000 पौधे लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।