चाय बेचने वाले को भाजपा ने दिया मेयर का टिकट, पीएम मोदी की याद दिलाती है इनकी कहानी

रायगढ़,संवाददाता : राजनीति में किस्मत बदलने की तरह-तरह की कहानियां आपने सुनी होंगी। एक चायवाले से प्रधानमंत्री बनने तक का सफर नरेंद्र मोदी का तो आपने जरूर सुना होगा। अब कुछ ऐसा ही छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनाव में देखने को मिलेगा, जहां रायगढ़ महापौर पद के लिए भाजपा ने जीवर्धन चौहान को अपना प्रत्याशी घोषित कर एक बड़ा सियासी दांव खेला है। जीवर्धन चौहान, जो पहले एक साधारण चायवाले थे, अब महापौर पद की रेस में शामिल हो गए हैं। भाजपा के इस प्रत्याशी की चर्चा हर ओर हो रही है। भाजपा मंत्री ओपी चौधरी ने इस बारे में ट्वीट करते हुए लिखा, “चाय बेचने वाले, 29 साल से पार्टी का कार्य कर रहे जमीनी कार्यकर्ता जीवर्धन चौहान को प्रदेश भाजपा ने रायगढ़ महापौर प्रत्याशी बनाया। यह कहानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चाय बेचने वाली कहानी की याद दिलाती है।”
जानिए कौन हैं रायगढ़ नगर निगम के भाजपा प्रत्याशी
भाजपा ने जीवर्धन चौहान को रायगढ़ नगर निगम की अनुसूचित जाति (मुक्त) के लिए आरक्षित महापौर पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। जीवर्धन चौहान भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं में से एक हैं। रायगढ़ के रेलवे कॉलोनी सोनकर पारा निवासी जीवर्धन चौहान ने 1996 में भाजपा की सदस्यता ली थी। इसके बाद उन्हें 1998 में वार्ड अध्यक्ष, 2004 में भाजयुमो नगर कार्यकारिणी में जगह, और 2005 में नगर मंत्री के रूप में जिम्मेदारी दी गई। वे 2011 तक नगर अध्यक्ष के रूप में पार्टी की सेवा करते रहे। 2023-24 में वे प्रदेश मंत्री अजा मोर्चा और जिला भाजपा कार्यसमिति सदस्य रहे हैं। भाजपा का यह कदम यह संदेश देता है कि पार्टी अपने पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मान देती है और उन्हें ऊंचे पदों तक पहुंचने का अवसर देती है।
मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी उम्मीदवारों को जीत की बधाई दी और कहा कि “हमारी सरकार ने मोदी की गारंटी के सभी वादों को प्राथमिकता से पूरा किया है, जिससे देश के सभी नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी को सफलता मिलेगी।” इस कदम के साथ भाजपा ने यह साबित कर दिया है कि पार्टी अपनी जमीनी कार्यकर्ताओं को महत्त्व देती है और उन्हें ऊंचे पदों तक पहुंचने का मौका देती है।