‘100 डेज’, ‘दलाल’, ‘अग्नि साक्षी’ जैसी हिट फिल्मों का किया था निर्देशन
मुंबई, संवाददाता : हिंदी सिनेमा के प्रतिष्ठित निर्देशक पार्थो घोष का आज दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। 76 वर्षीय पार्थो घोष ने मुंबई में अंतिम सांस ली। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। पार्थो घोष ने अपने निर्देशन से हिंदी सिनेमा को कई यादगार फिल्में दीं। 1991 की सुपरहिट थ्रिलर ‘100 डेज’, 1993 की ‘दलाल’ और 1996 की ‘अग्नि साक्षी’ जैसी फ़िल्मों में उनके निर्देशन की गहरी छाप देखने को मिली।
कोलकाता से बॉलीवुड तक का सफर
8 जून 1949 को कोलकाता में जन्मे पार्थो घोष का बचपन साहित्य, कला और संगीत के बीच बीता। वर्ष 1985 में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा, और देखते ही देखते वे निर्देशन की दुनिया का बड़ा नाम बन गए।
करियर की कुछ प्रमुख फिल्में:
- 100 डेज (1991) – जैकी श्रॉफ, माधुरी दीक्षित
- गीत (1992) – दिव्या भारती, अविनाश वधावन
- दलाल (1993) – मिथुन चक्रवर्ती, आयशा जुल्का
- अग्नि साक्षी (1996) – नाना पाटेकर, मनीषा कोइराला, जैकी श्रॉफ
- गुलाम-ए-मुस्तफा (1997) – नाना पाटेकर
- युगपुरुष (1998) – नाना पाटेकर
- मसीहा (2002) – सुनील शेट्टी
- एक सेकंड… जो जिंदगी बदल दे? (2010)
- मौसम इकरार के दो पल प्यार के (2018) – उनकी आखिरी फिल्म
अग्नि साक्षी जैसी फिल्मों से मिला आलोचकों का सम्मान
‘अग्नि साक्षी’ में घरेलू हिंसा जैसे गंभीर विषय को उठाकर पार्थो घोष ने समाजिक मुद्दों को भी पर्दे पर जगह दी। मनीषा कोइराला का दमदार अभिनय और फिल्म की सशक्त स्क्रिप्ट आज भी याद की जाती है। पार्थो घोष के निधन से सिनेमा जगत में एक युग का अंत हुआ है। वे केवल एक निर्देशक नहीं, बल्कि एक संवेदनशील कहानीकार भी थे, जिन्होंने अपने काम से दर्शकों के दिलों को छुआ।