राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष करेंगी जनसुनवाई, योजनाओं की प्रगति व पुलिस व्यवस्था की होगी समीक्षा
बाराबंकी,संवाददाता : उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान (राज्य मंत्री स्तर) गुरुवार 28 अगस्त को जनपद के दौरे पर आ रही हैं। इस दौरान वह महिलाओं से जुड़ी शिकायतों को सुनेंगी, विभागीय योजनाओं की समीक्षा करेंगी और महिला उत्पीड़न मामलों पर अधिकारियों से रिपोर्ट भी लेंगी। डीआरडीए सभागार, कलेक्ट्रेट कैंपस में पूर्वान्ह 11 बजे से पीड़ित महिलाओं की जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। जिला प्रोबेशन अधिकारी सूरज सिंह ने बताया कि जिन महिलाओं को अपनी समस्या अध्यक्ष महोदया के समक्ष रखनी है, वे प्रार्थना-पत्र के साथ मौके पर उपस्थित होकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।

चिकित्सालय से लेकर महिला बंदीगृह तक निरीक्षण
दौरे के कार्यक्रम के अनुसार डॉ. चौहान सुबह 10 बजे जिला महिला चिकित्सालय पहुंचेंगी, जहां “जागो री जागो” संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर नवजात कन्याओं को बेबी किट और माताओं को फल वितरित करेंगी।
इसके बाद 11:15 बजे से डीआरडीए सभागार में महिला कल्याण, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास, अल्पसंख्यक कल्याण, पंचायती राज और कौशल विकास विभाग सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर समीक्षा बैठक होगी। पुलिस अधीक्षक व महिला थानाध्यक्ष के साथ महिला उत्पीड़न मामलों पर विशेष चर्चा की जाएगी। दोपहर 2:50 बजे वह महिला बंदीगृह का निरीक्षण करेंगी और 3:50 बजे लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगी।
महिला सशक्तिकरण पर खास फोकस
अध्यक्ष का यह दौरा प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। राज्य महिला आयोग ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराना प्राथमिकता में है।