पंजाब में कांग्रेस की बढ़ती आक्रमकता आप के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुकी है
दिल्ली,संवाददाता : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल 11 फरवरी को दिल्ली में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, राज्य के मंत्रियों और विधायकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर सकते हैं। बैठक में मुख्य रूप से दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों और 2027 में होने वाले पंजाब चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। यह बैठक उस समय हो रही है जब आप को दिल्ली चुनाव में बड़ी हार का सामना करना पड़ा है और पार्टी को केवल 22 सीटें हासिल हुई हैं। भाजपा ने दिल्ली चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल करते हुए 70 में से 48 सीटों पर कब्जा किया। इस बीच, कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने दावा किया कि पंजाब में आप के 30 से अधिक विधायक कांग्रेस के संपर्क में हैं और पार्टी बदलने के लिए तैयार हैं। उन्होंने केजरीवाल और भगवंत मान पर आरोप लगाए कि उन्होंने पंजाब के लोगों से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। बाजवा ने कहा, “केजरीवाल और भगवंत मान ने पंजाबियों को बेवकूफ बनाने के लिए बड़े वादे किए थे, लेकिन उनका कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ। 2027 में मान सरकार का भी यही हश्र होगा।” दिल्ली में मिली हार और पंजाब में कांग्रेस की बढ़ती आक्रमकता आप के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुकी है।