जनता के वोट के अधिकार के साथ भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलकर छेड़छाड़ की है
भोपाल/रीवा,संवाददाता : कथित वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी अभियान अब मध्यप्रदेश में भी तेज़ हो गया है। इसी कड़ी में आज से रीवा से ‘वोट सत्याग्रह’ की शुरुआत की गई, जिसमें कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। साथ ही पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ पुतला दहन किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रविवार शाम को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि यह आंदोलन केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के वोट के अधिकार के साथ भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलकर छेड़छाड़ की है, जो सीधे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है।
उन्होंने बताया कि ‘वोट सत्याग्रह’ की शुरुआत रीवा से की जा रही है, जहाँ नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विधायक और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। यह सत्याग्रह राज्य के सभी जिलों तक फैलेगा। जीतू पटवारी ने यह भी बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और देश भर के लगभग 300 सांसद, विपक्षी दलों के नेताओं के साथ चुनाव आयोग से मिलने पहुँचे थे, लेकिन सरकार ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उन्होंने इसे लोकतंत्र का गला घोंटने जैसा बताया। पटवारी ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र, हरियाणा, कर्नाटक और मध्यप्रदेश में भाजपा ने चुनाव आयोग की मदद से जनादेश को ‘मैनिपुलेट’ किया है।
राज्यव्यापी पुतला दहन
कांग्रेस ने घोषणा की है कि वह पूरे मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार का पुतला दहन करेगी, ताकि जनता को सच बताया जा सके कि उनके वोट के साथ क्या हो रहा है। पार्टी का कहना है कि वह हर जिले में जाकर लोगों को इस कथित धांधली की जानकारी देगी।